डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के मिस्सरवाला में रविवार को ऑर्थो एंड स्किन केयर क्लिनिक की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर में ऑर्थोपेडिक सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ और यूरोलॉजिस्ट ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया। इसके अलावा शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन और यूरिक एसिड सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। इस दौरान लोगों को संतुलित खानपान अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. गौरांग अग्रवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें। इस अवसर पर डॉ. पारुल शर्मा, डॉ. दीक्षा गुप्ता आदि मौजूद रहे।














