ज्योतिर्मठ।
सिखों के पवित्र धाम श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। गुरुद्वारे के कपाट खुलने के बाद श्री हेमकुंड साहिब में 12 बजकर 30 मिनट पर इस वर्ष के यात्राकाल की पहली अरदास की गई। हेमकुंड साहिब में आज पहले दिन छः हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर मत्था टेका।
श्री हेमकुंड साहिब मैंनेजमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि शनिवार को कपाट खुलने की प्रक्रियाओं के तहत प्रातः 9 बजे पंच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरुग्रंथ साहिब को सतखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया गया, सुखमणी का पाठ,शबद कीर्तन के पश्चात श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोले गए।
इस वर्ष की पहली अरदास व हुक्मनामा के बाद श्रीहेमकुण्ड साहिब की यात्रा विधिवत शुरु हो गई है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री बिंद्रा एवं मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह द्वारा कपाट खुलने की निर्धारित तिथि से पूर्व हेमकुण्ड साहिब एवं यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए नौ स्वतंत्र पर्वतीय ब्रिगेड ग्रुप, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन व अन्य विभागों के अधिकारियों को ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया गया।











