श्री बदरीनाथ धाम, 23 मई।

बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी बीते शुक्रवार 22 मई को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत देर शाम तक उन्होंने धाम में विभिन्न हकहकूकधारियों, तीर्थ पुरोहितों, व्यापार सभा, होटल एसोसिएशन तथा स्थानीय हितधारकों के साथ बैठक कर संवाद स्थापित किया।
बैठक में विभिन्न हकहकूकधारी संगठनों के पदाधिकारियों ने यात्रा व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा स्थानीय व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे तथा ज्ञापन दिये।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास जारी हैं इस हेतु वह स्वयं श्री बदरीनाथ धाम में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा सुगमता से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर ही पांच लाख से अधिक श्रद्धालु श्री बदरीनाथ धाम तथा साढ़े सात लाख से अधिक तीर्थयात्री भगवान केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। अब तक साढ़े तेरह लाख तीर्थयात्रियों ने श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ भगवान के दर्शन किये है।
उन्होंने कहा कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को धामों में सरल एवं सुगम दर्शन कराना बीकेटीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मंदिर समिति, प्रशासन तथा सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के लिए सभी हितधारकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों तथा तीर्थ पुरोहितों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही चारधाम यात्रा व्यवस्थायें सफलतापूर्वक चल रही है।
इस अवसर पर श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, मंदिर समिति सदस्य धीरज मोनू पंचभैया, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश मेहता, पूर्व सदस्य भाष्कर डिमरी,रजनीश भट्ट, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल,पूर्व धर्माधिकारी भुवन चन्द्र उनियाल, प्रमोद नौटियाल, विनोद डिमरी,श्रीकांत बडोला, बीपी नैथानी, संदीप भट्ट,कमदी थोक से अखिल पंवार, कुबेर देवरा समिति अध्यक्ष उत्तम मेहता,राम नारायण भंडारी आदि मौजूद रहे।











