डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए मतदान हुआ। इस बार कुल 1,359 मतदाताओं में से 69.97 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पिछले चुनाव की तुलना में मतदान प्रतिशत में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2019 के बाद यह पहला मौका है, जब छात्रसंघ चुनाव में मतदान प्रतिशत 70 फीसदी के करीब पहुंचा है। वर्ष 2025 के छात्र संघ चुनाव में 1464 मतदाताओं में 58 प्रतिशत मतदान हुआ था। सत्र 2023 में कॉलेज में 1529 मतदाता थे और 60.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2022 में 1449 मतदाताओं में 65 प्रतिशत ने वोट डाला था। इससे पहले वर्ष 2019 में 1290 मतदाताओं में 66.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। वर्ष 2020 और 2021 में कोविड-19 के कारण छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए, जबकि वर्ष 2024 में भी चुनाव नहीं हुआ। इस तरह वर्ष 2019 के बाद 2026 में मतदान प्रतिशत सबसे अधिक रहा। उधर, 1359 मतदाताओं के साथ इस बार मतदाता संख्या भी वर्ष 2020 के बाद सबसे कम रही।











