डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला डिग्री कॉलेज में हुए छात्रसंघ चुनाव में इस बार भी एनएसयूआई के हाथ खाली रह गए। संगठन ने चुनाव में पूरी ताकत झोंकी, लेकिन एक भी पद पर जीत हासिल नहीं कर सका। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी वंश खत्री दूसरे स्थान पर रहे, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी जयदीप ने दूसरा स्थान हासिल किया। सचिव पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी आयुष कृषाली 347 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। वह महज 13 मतों के अंतर से जीत से चूक गए। इसके अलावा सह सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भी एनएसयूआई प्रत्याशियों को दूसरा स्थान मिला। चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर यूएसएफ ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष समेत अन्य सभी पदों पर एबीवीपी प्रत्याशियों ने कब्जा किया।
____________________________________________
*359 मत हुए अवैध और निरस्त*
डोईवाला। डोईवाला महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में इस बार अवैध और निरस्त मतों की संख्या 359 रही। प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने बताया कि अध्यक्ष समेत छह पदों के लिए हुए चुनाव में कुल 359 मत अवैध अथवा निरस्त पाए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि अध्यक्ष पद पर 38, उपाध्यक्ष पद पर 67, सचिव पद पर 58, सह सचिव पद पर 62, कोषाध्यक्ष पद पर 72 और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर 62 मत अवैध अथवा निरस्त हुए हैं। वही, चुनाव में इस बार मतदान के लिए नोटा का विकल्प नहीं था।











