
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नेशनल वीआईपी प्रेस क्लब के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को नगर निगम देहरादून में भव्य राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डोईवाला निवासी बॉबी शर्मा को पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनकी वर्षों की समर्पित सेवाओं और समाज के प्रति उनके सकारात्मक कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पत्रकारिता और सामाजिक सेवा लोकतंत्र के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करता है।
सम्मान प्राप्त करने पर बॉबी शर्मा ने नेशनल वीआईपी प्रेस क्लब एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनना उनका निरंतर प्रयास रहेगा।











