
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सॉन्ग नदी में कथित अवैध खनन के साथ ही खनन सामग्री से भरे वाहनों के मुख्य मार्गों से गुजरने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, केशवपुरी बस्ती क्षेत्र में सॉन्ग नदी से निकाली जा रही खनन सामग्री को वाहनों के माध्यम से माजरीग्रांट के फतेहपुर स्थित स्टोन क्रेशर तक पहुंचाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि खनन सामग्री से लदे वाहन शुगर मिल रोड, चौक बाजार, ऋषिकेश रोड, आर्यनगर, नुन्नावाला समेत अन्य प्रमुख मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ वाहन तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे सड़क पर आवागमन करने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी होती है। ऐसे में यदि किसी वाहन से सड़क पर दुर्घटना होती है तो उसकी पहचान और जिम्मेदारी तय करने में परेशानी हो सकती है। लोगों ने संबंधित विभागों से खनन की वैधता की जांच करने के साथ ही खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और परिवहन की भी जांच किए जाने की मांग की है।
गौरतलब है कि नदी से अवैध रूप से खनन होने पर सरकारी राजस्व को नुकसान के साथ पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।











