
हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/नारायणबगड़। सिमली–ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंती स्थित गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के समीप बुधवार को इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार यूपीसीएल कार्यालय पंती नारायणबगड़ में कार्यरत अनिल रावत (37) पुत्र लखपत सिंह रावत, निवासी कोठियाल गांव, गोपेश्वर तथा लक्ष्मण पनखोली (42) पुत्र खीम सिंह, निवासी नैगवाड़, गोपेश्वर लंच के बाद स्कूटी से अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान थराली की ओर से आ रहे इंटरसेप्टर वाहन ने विपरीत दिशा से आते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया हैं।











