डोईवाला। थानों न्याय पंचायत क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासी आदर्श राठौर ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इस केंद्र पर निर्भर हैं, ऐसे में इसकी व्यवस्थाओं का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल भवन की दीवारों और आसपास घास उगी हुई है। वहीं पेयजल कूलर के आसपास भी साफ-सफाई का अभाव है। एएनएम कक्ष एवं टीकाकरण केंद्र की दीवारों में सीलन और दरारें होने के साथ ही छत से कई स्थानों पर प्लास्टर गिरने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य ऐसे भवन में होना सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय है। आदर्श राठौर ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल भवन का स्थलीय एवं तकनीकी निरीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।











