
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट के लालतप्पड़ स्थित जाखन पुल के क्षतिग्रस्त होने के लगभग एक वर्ष बाद भी पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शनिवार को जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने जाखन पुल के क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। बता दे कि वर्ष 2025 में भारी बारिश के दौरान जाखन पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके अलावा नदी किनारों पर भी व्यापक कटाव हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया था और दोनों दिशाओं का यातायात समीप स्थित दूसरे पुल से संचालित किया जा रहा है।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान पुराने पुल के पिलरों में कई स्थानों पर दरारें दिखाई दीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि उस समय सरकार ने शीघ्र नया पुल बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। यह सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक सुस्ती का स्पष्ट प्रमाण है।
मोहित उनियाल ने कहा कि मानसून शुरू हो चुका है, लेकिन नए पुल का निर्माण प्रारंभ करने के बजाय क्षतिग्रस्त पुल के नीचे पुश्ते का निर्माण कराया जा रहा है। यदि भारी बारिश में यह कार्य भी क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो इससे सरकारी धन और संसाधनों की बर्बादी होगी।
बताया गया कि जाखन नदी हर वर्ष मानसून के दौरान विकराल रूप धारण करती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में पुल निर्माण में हो रही देरी स्थानीय लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मानसून समाप्त होते ही जाखन पुल का पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। साथ ही नदी किनारों की सुरक्षा एवं तटबंध संबंधी कार्य भी शीघ्र पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।











