डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जिला योजना समिति के चुनाव में निर्दलीय सभासद रियासत अली मोंटी ने भाजपा प्रत्याशी प्रदीप नेगी को पराजित कर जीत हासिल की। शुक्रवार को तहसील मुख्यालय में हुए चुनाव में रियासत अली मोंटी को कुल 20 मतों में से 11 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रदीप नेगी को नौ मत प्राप्त हुए। इस तरह रियासत अली मोंटी ने दो मतों के अंतर से जीत दर्ज की। मतगणना के बाद रियासत अली मोंटी को विजयी घोषित किया गया। उनकी जीत की सूचना मिलते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बांटकर जीत का जश्न मनाया। चुनाव अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि जिला योजना समिति का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशी को जिलाधिकारी देहरादून की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।













