डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून का प्रसिद्ध लच्छीवाला नेचर पार्क भीषण गर्मी के बीच सैलानियों के लिए राहत का बड़ा ठिकाना बना हुआ है। रविवार को पार्क में पांच हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिससे पूरे दिन पार्क गुलज़ार रहा। प्राकृतिक जलस्रोतों में स्नान, घने वन क्षेत्र में सैर और परिवार के साथ समय बिताने के लिए लोग दूर-दराज से लच्छीवाला स्थित नेचर पार्क पहुंच रहे हैं। पार्क परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और वन विभाग की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। वहीं, पार्क प्रबंधन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा कर्मियों की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लच्छीवाला नेचर पार्क के प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि रविवार को 05 हजार 169 पर्यटकों ने पार्क पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य एवं जल क्रीड़ा का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि नेचर पार्क सुरक्षित पर्यटन और प्राकृतिक सुंदरता का उत्कृष्ट उदाहरण है। गर्मियों में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।











