
डोईवाला। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लच्छीवाला रेंज, देहरादून वन प्रभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। दून विश्वविद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद माननीय श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुलेखा जी द्वारा की गई। वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति व उनकी टीम के द्वारा इस अवसर सक्रिय सहभागिता कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया तथा सभी नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने हेतु प्रेरित किया। वही, रेंज स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक डोईवाला बृजभूषण गैरोला, हरीश कोठारी, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, विक्रम सिंह नेगी आदि ने सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए।”पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना जन-जन की सहभागिता के बिना संभव नहीं है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं लच्छीवाला रेंज के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से वृहद वृक्षारोपण किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण वृद्धि एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत संरक्षण हेतु सामूहिक शपथ भी ली गई। लच्छीवाला रेंज द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रकृति संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं समाज को पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।











