
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सत्तीवाला–माधोवाला मार्ग पर बुल्लावाला पुल के निकट लंबे समय से सड़क पर बना विशाल गड्ढा एवं क्षतिग्रस्त सड़क लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटनाओं का कारण बने हुए हैं। कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
बृहस्पतिवार को सभासद विनीत राजपूत के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसलिए समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने भी इस संबंध में लोनिवि के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
सभासद विनीत राजपूत ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क के बीचों-बीच बना लंबा और गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। गड्ढे के एक ओर राजकीय विद्यालय तथा दूसरी ओर आरोग्य मंदिर स्थित है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो जाता है और रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
उन्होंने कहा कि मानसून शुरू हो चुका है। यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह समस्या लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल गड्ढे भरवाकर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जनआंदोलन किया जाएगा।











