डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शनिवार को नगर क्षेत्र के अठूरवाला जोगियाणा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह के शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। मौके पर उपस्थित महिलाओं एवं अन्य लाभार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और विचारों की जानकारी भी ली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकित काला ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उपस्थित गर्भवती महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मातृशक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के पोषण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान करना गौरव की बात है।











