डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को नुन्नावाला स्थित एक रेस्टोरेंट में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को डोईवाला में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’ निकालने का निर्णय लिया गया, जो डोईवाला उपजिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा।
बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूचियों में हुए बदलाव की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर संबंधित मतदाता को सूचना देने और अपील का अवसर उपलब्ध कराने, एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा चुनावी प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाने का निर्णय लिया गया।
कांग्रेस के प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि वोट किसी दल की संपत्ति नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अपारदर्शिता गंभीर विषय है।
उन्होंने बताया कि परवादून में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ मिलकर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’ के माध्यम से इन मुद्दों को उठाया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की जाएंगी।
संगठन महासचिव राजेंद्र भंडारी ने कहा कि हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए। मतदाता सूची में होने वाले किसी भी बदलाव की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए और नागरिकों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
सीपीआईएम के जाहिद अंजुम और सपा के फुरकान कुरैशी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया पर जनता का भरोसा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से आवाज उठाएगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, अनुराग कुकरेती, बलबीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, अश्विनी बहुगुणा, हेमा पुरोहित, करतार नेगी, महेंद्र भट्ट, प्रमोद कप्रवान शास्त्री, अफसाना अंसारी, हरभजन सिंह, गौरव भारती, मुकेश प्रसाद, राहुल खरोला, महेश कुकरेती और सुनील बर्मन आदि मौजूद रहे।











