डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रविवार को नगर क्षेत्र के भानियावाला में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच संवाद का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश की सामूहिक शक्ति, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक ऊर्जा को दिशा देने वाला सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक विचारों से राष्ट्र प्रथम की भावना और मजबूत होती है। देश के करोड़ों नागरिकों को यह प्रेरणा मिलती है कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि मन की बात देशवासियों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। दीप्ति रावत भारद्वाज ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और जनकल्याणकारी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा, संगठन और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की शक्ति हैं और जनभागीदारी राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक संपूर्ण सिंह रावत, जिला उपाध्यक्ष विनय कंडवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, कुसुम सिद्धू, ईश्वर रौथान, मनीष यादव, विनीत मनवाल, पूनम तोमर, आदेश पंवार, लच्छीराम लोधी, अंकित काला आदि मौजूद रहे।











