डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला महाविद्यालय की कैडेट सार्जेंट दीपिका बहुगुणा का चयन थल सेना कैंप (टीएससी) के स्नैप शूटिंग इवेंट के लिए हुआ है। बताया गया कि दीपिका महाविद्यालय की पहली कैडेट हैं, जिन्होंने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के दम पर टीएससी की चयन प्रक्रिया के सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार कर कैंप में स्थान बनाया है। दीपिका की इस उपलब्धि पर लेफ्टिनेंट डॉ. वल्लरी कुकरेती, एएनओ ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। महाविद्यालय प्राचार्य डीपी भट्ट ने दीपिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को इसी प्रकार अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए उत्साह और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने दीपिका की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











