डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में स्थापित एसडीआरएफ पोस्टों व वाहिनी में उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों का मासिक सम्मेलन लिया गया।
बृहस्पतिवार को आयोजित सम्मेलन के दौरान विभिन्न पोस्टों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया। प्राप्त समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और कर्मचारियों के कल्याण एवं कार्यक्षमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा आगामी मानसून सत्र एवं कांवड़ यात्रा-2026 को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील अवधि बताते हुए सभी इकाइयों को पूर्ण सतर्कता, उच्च स्तर की तैयारी एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए सभी टीमें हर समय ऑपरेशनल मोड में रहें।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पोस्टों को विशेष रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। संभावित दुर्घटनाओं, जलजनित घटनाओं, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन, संचार व्यवस्था एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता बनाए रखी जाए।
साथ ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा अन्य सहयोगी एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। सेनानायक ने सभी पोस्टों पर उपलब्ध बचाव उपकरणों, संचार संसाधनों, वाहनों, बोटों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की कार्यशीलता की समीक्षा करते हुए उनका नियमित निरीक्षण एवं परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
सम्मेलन में उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक राजेन्द्र सिंह रावत, शिविरपाल प्रमोद रावत, निरीक्षक राम गोपाल, सूबेदार मेजर योगेंद्र भंडारी आदि उपस्थित रहे।











