
प्रख्यात गायक और अभिनेता किशोर कुमार जी की 39वीं पुण्यतिथि पर किशोर दा के प्रशंसकों ने लगातार 39 घंटे तक महान गायक के गीतों का गायन कर एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया। पंडितवाड़ी चकराता रोड स्थित एटलांटिस क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार इस प्रकार के कार्यक्रम में किशोर दा के प्रशंसकों ने दिनांक 17-10-2026 को प्रातः 7:00 बजे से किशोर दा के गीतों का अखंड गायन महा-अनुष्ठान प्रारंभ किया जो कि दिनांक 18 अक्टूबर की देर सांय तक चला। इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर नरेन्द्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष श्री पीयूष निगम तथा प्रीति रावत ने गणेश वंदना से किया। इंजीनियर नरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि महान गायक स्वर्गीय श्री किशोर कुमार जी गायन की हर कला में प्रवीण थे और शास्त्रीय से लेकर पाश्चात्य तक हर प्रकार के गीतों को सरलता के साथ प्रभावी रूप से गा लेते थे। श्री नरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि उनकी प्रतिभा गायन तक ही सीमित न होकर अभिनय के क्षेत्र में भी उच्च स्तर की थी। आयोजक पीयुष निगम ने बताया कि कार्यक्रम मे देवभूमि उत्तराखंड के साथ साथ दिल्ली एवं अन्य प्रदेशों से आए 175 से भी अधिक गायकों, वादकों तथा संगीतकारों ने लगातार 39 घंटे तक किशोर कुमार को गीतों के माध्यम से स्वरों के रूप में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। संगीत प्रेमियों ने किशोर दा को श्रद्धांजलि देने के लिए लगातार दो दिन नॉन स्टॉप उनके पांच सौ से भी अधिक कालजयी गीतों को गाकर अद्भुत स्वरांजलि प्रस्तुत की है।
उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम मां गौरी ओल्ड एज होम के सहायतार्थ किया जा रहा है। ओल्ड एज होम के बुजुर्गों ने भी अपने नए संगीत परिवार में शामिल होकर संगीतमय कार्यक्रम का आनंद लिया।
किशोर कुमार की स्मृति में आयोजित इस म्युजिकथाॅन कार्यक्रम को श्रृंखला संस्कृति समूह के साथ ही पीयूष श्रीवास्तव एवं चारु त्यागी श्रीवास्तव की कंपनी जेम्स एक्सक्लूसिव के सहयोग से एक नए कलेवर के साथ प्रस्तुत किया गया। पूर्व में भी संस्था द्वारा मुंबई में एनडीटीवी के साथ “ग्रीनिथोन” व “टेलीथोन” जैसे बड़े इवेंट आयोजित किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में श्री पियुष निगम, श्री संजीव वर्मा, श्री बालेश गुप्ता, श्री राम अरोड़ा, श्री संदीप गुप्ता, श्री बिट्टू कोचर, कैप्टन बंशीलाल, श्री मनीष आले, श्रीमती लीना सक्सेना आदि ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।














