डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटि अठूरवाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर एक दिवसीय बाल चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकित काला ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के विकास और संस्कृति से जोड़ना है। बच्चों की सोच में ही भविष्य के भारत की नींव छिपी है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक माधव मोहन चमोली, सहायक अध्यापिका दीप शिखा डबराल, अध्यक्ष बृजबाला, अंजीत कुमारी पाल, भारती रतूड़ी, सरोजनी तोपवाल, सुमित्रा देवी आदि थे।











