
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता संस्था, मिस्सरवाला (डोईवाला) एवं वन विभाग के सहयोग से सोमवार को थानों स्थित वन विभाग के गेस्ट हाउस परिसर में पितरों की स्मृति में पौधारोपण किया गया। इस दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। महामंडलेश्वर स्वामी ललिता नंद गिरी महाराज ने कहा कि पितरों की स्मृति में पौधारोपण जैसे कार्यक्रम समाज को पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश देते हैं। पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति की अमूल्य विरासत हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों को बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। आदर्श संस्था की संस्थापक आशा कोठारी ने कहा कि संस्था सामाजिक और रचनात्मक कार्यों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। वन विभाग के उप प्रभागीय अधिकारी डॉ. उदय नंद गौड़ ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर संस्था के सचिव हरीश कोठारी, भाजपा जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, थानों वन क्षेत्राधिकारी एनएल डोभाल, प्रधान चंद्र प्रकाश तिवारी, जयेंद्र सिंधवाल, गीतांजलि रावत, सुरेश सिंधवाल, सपना ज्वाड़ी, प्रदीप चौहान, राजेश बिष्ट, नीरज कुमार, सिद्धार्थ भट्ट आदि मौजूद रहे।











