डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से डोईवाला ब्लॉक मुख्यालय में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संस्थान, ऊर्जा, कृषि, उद्यान समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस मौके पर राज्यमंत्री श्याम अग्रवाल, डोईवाला उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, सभासद रविंद्र बेलवाल, अमित कुमार, अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।










