डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा जिला ऋषिकेश की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन डोईवाला के केशवपुरी-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में किया गया। इस अवसर पर मंडल प्रभारी संपूर्ण सिंह रावत ने बच्चों और अभिभावकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से बच्चों के पोषण और प्रारंभिक विकास को प्राथमिकता देते हुए सक्षम आंगनबाड़ी और मिशन पोषण 2.0 जैसी पहल संचालित की जा रही हैं। इनके माध्यम से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने तथा उनके स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके भविष्य की नींव तैयार करते हैं। ऐसे में सरकारी योजनाओं के साथ परिवार और समाज की सहभागिता भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ संवाद किया गया और अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनीता गुरुंग, प्रीति थपलियाल, ममता कोठियाल, ममता निषाद, संतोष और कुसुम आदि मौजूद रहे।










