पिथौरागढ़, 7 अक्टूबर 2026 संत संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर के लिए 07 अक्टूबर 2026 का दिन उपलब्धियों और सांस्कृतिक उत्सव से भरा रहा। महाविद्यालय की महिला वॉलीबॉल टीम ने खटीमा में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार विश्वविद्यालय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में नारायण नगर की टीम ने चम्पावत महाविद्यालय को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
टीम की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रोफेसर प्रेमलता कुमारी, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने खिलाड़ियों को बधाई दी। खिलाड़ियों की सफलता में उनके उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना तथा प्रशिक्षक एवं खेल प्रभारियों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसी अवसर पर महाविद्यालय में ‘गढ़ भोज दिवस’ का भी उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. प्रोफेसर प्रेमलता कुमारी की अध्यक्षता में हिंदी विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उत्तराखंड की पारंपरिक भोजन संस्कृति एवं स्थानीय उत्पादों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पारंपरिक पहाड़ी चूल्हे पर प्राध्यापकों द्वारा तैयार किया गया स्थानीय भोजन रहा। मंडुवे की रोटी, भट्ट की दाल, गहत, फाणु, काफली, आलू के गुटके, सिसुण का साग और झंगोरे की खीर जैसे पारंपरिक व्यंजनों ने विद्यार्थियों को पहाड़ की समृद्ध खाद्य संस्कृति से जोड़ा।
प्रो. प्रेमलता पंत, डॉ. मनीष बेलवाल एवं डॉ. वंदिता कांडपाल ने स्थानीय भोजन के स्वास्थ्य, कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वंदिता कांडपाल ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में “स्थानीय भोजन—स्वस्थ जीवन—समृद्ध पहाड़” का संदेश दिया गया। खेल उपलब्धि और सांस्कृतिक आयोजन ने महाविद्यालय में प्रतिभा, परंपरा और युवा ऊर्जा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।














