हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली।
एसओजी चमोली एवं थाना पुलिस थराली ने 140 ग्राम अवैध कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) के साथ एक वन्य तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की हैं,जब्त की गई अवैध कीड़ा जड़ी की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब डेढ़ लाख रूपए आंकी जा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर पिछले तीन दिनों से एसओजी चमोली के द्वारा पिंडर घाटी में अवैध गतिविधियों के तहत अवैध रूप से खेतों एवं घरों के पास उत्पादित की जा रही भांग की खेती को नष्ट करने के तहत देवाल विकास खंड के अंतर्गत रामपुर,तोरती गांवों में करीब 160 नाली भूमि पर उत्पादित की जा रही अवैध भांग की फसल को वन विभाग,समाज कल्याण विभाग के साथ मिलकर नष्ट कर दी हैं। इसके बाद मंगलवार की देर सांय एसओजी की टीम ने उपनिरीक्षक एवं चमोली एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला के नेतृत्व में देवाल -नंदकेशरी-चिडिंगा मोटर सड़क पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ करते हुए उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 140 नग अवैध कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त की पहचान कुंवर सिंह पुत्र ललित सिंह, निवासी ग्राम खुम्पी, थाना बल्वाकोट, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई। अभियुक्त के विरुद्ध थाना थराली में मु0अ0सं0-31/2026, धारा 26(1)(छ), 41/42 वन अधिनियम 1927 एवं धारा 3/28 उत्तराखण्ड इमारती लकड़ी एवं वन उपज अधिनियम/नियमावली 2012 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत उसे गिरफ्तार कर लिया हैं। इसके साथ ही उससे पुलिस आवश्यक पूछताछ कर रही हैं। बहुमूल्य वन संपदा के अवैध दोहन, संग्रहण एवं तस्करी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली एसओजी टीम में प्रभारी के अलावा एसओजी कांस्टेबल सलमान खान एवं रजत मौजूद थे। एसपी के सख्त निर्देश के बाद एसओजी की टीम के द्वारा पिंडर घाटी में किए जा रहे एक के बाद एक आपरेशनों से अवैध धंधों में लिप्त लोगों में खलबली मची हुई हैं।














