डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नेशनल ब्लड वॉलंटियर्स डे के अवसर पर एक मदद ब्लड ग्रुप समिति के रक्तवीरों ने जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान कर मानवता और सेवा की मिसाल पेश की। हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में भर्ती एक मरीज के ऑपरेशन के लिए चिकित्सकों ने रक्त की आवश्यकता बताई थी। सूचना मिलते ही समिति के रक्तवीर राहुल डोरिया, राकेश नौटियाल, जसमीत सिंह और प्रताप सिंह अस्पताल पहुंचे और मरीज के लिए रक्तदान किया। समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने रक्तवीरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी मानवता की सेवा है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।











