डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के मिस्सरवाला में एक मकान में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। मामले में मकान मालकिन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, देहरादून निवासी अनीता काला ने बताया कि डोईवाला नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-01, मिस्सरवाला में उनका पुश्तैनी मकान है। उन्होंने मकान की देखरेख के लिए धन बहादुर और उनकी पत्नी पार्वती को केयरटेकर रखा हुआ है। आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे पार्वती ने फोन कर सूचना दी कि पड़ोसी किशोर थापा, रश्मि थापा और उनकी तीन पुत्रियों ने मकान की दीवार फांदकर और गेट तोड़कर ईंट-पत्थरों से हमला किया तथा मारपीट की। सूचना मिलने पर अनीता काला देहरादून से अपने मकान पर पहुंचीं। उन्होंने विवाद का कारण जानने और मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि संबंधित लोगों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। अनीता काला ने अपने केयरटेकर और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।














