डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान एक युवक की मौत के मामले में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगा है। मामले में युवक की बहन रूबी की ओर से न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देहरादून के माजरा क्षेत्र निवासी रूबी के अनुसार, उसका भाई फरीदउल्लाह उर्फ सलमान 10 नवंबर 2025 से जौलीग्रांट स्थित उन्नति नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। आरोप है कि 27 जनवरी 2026 की रात करीब डेढ़ बजे उसके पेट में दर्द की शिकायत हुई। तबीयत में सुधार नहीं होने पर नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारी उसे रात करीब दो बजे डोईवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने बिना आवश्यक जांच किए इंजेक्शन लगाने शुरू कर दिए, जिससे उसके भाई की तबीयत और बिगड़ गई। आरोप है कि रात करीब ढाई बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल, देहरादून भेजा गया।
रूबी ने आरोप लगाया कि मामले में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने 7 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजा। वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय का रुख किया। अब कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।














