डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के विरोध में श्रमिकों का धरना सोमवार को छठवें दिन भी जारी रहा। छठे दिन भी कंपनी प्रबंधन या शासन-प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए कोई पहल नहीं की गई, जिससे श्रमिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। श्रमिकों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा वर्षों से कार्यरत श्रमिकों के रोजगार पर संकट खड़ा किया गया है, जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग एवं अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जो कंपनी प्रबंधन की हठधर्मिता और मनमानी को मौन सहमति देने जैसा है। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने परिजनों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। सभासद एवं श्रमिक नेता संदीप सिंह नेगी ने कहा कि छठे दिन तक भी संबंधित विभाग द्वारा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे न आना विभागीय कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इस अवसर पर श्रमिक नेता ऋषि रावत, पवन सिंह नेगी, विमल सिंह, विपिन नेगी, निखिल लिंगवाल, राजन, मनोज, मुकेश कुमार, प्रकाश, राहुल थापा, मोहित नेगी, चंद्र किशोर, शिव सिंह और मनीष कुमार आदि उपस्थित रहे।












