डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को कैसे दूर किया जाए और बेहतर तैयारी कैसे की जाए, इस विषय पर दिए गए मार्गदर्शन से छात्र-छात्राओं को सार्थक दिशा मिली। शुक्रवार को पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा से संबंधित कही गई सभी महत्वपूर्ण बातों को परीक्षार्थियों ने ध्यानपूर्वक सुना। वहीं छात्रा बुशरा, गिरिजा, सबा, तनिशा तथा छात्र श्रवण और विनय ने बताया कि प्रधानमंत्री के उद्बोधन से उन्हें सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास मिला है। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने बताया कि छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन दिखाया गया। कार्यक्रम समन्वयक अश्वनी गुप्ता ने कहा कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से जुड़कर विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी मजबूत हुई है और उन्हें तनाव प्रबंधन की उपयोगी सीख मिली है। इस अवसर पर मयंक शर्मा, आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा आदि उपस्थित रहे।












