डोईवाला। रानीपोखरी के लिस्ट्राबाद में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 18वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर प्रदेश सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया।
कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि भाजपा सरकार के एक मुख्यमंत्री ने रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का शिलापट लगाकर शिलान्यास किया था, जबकि उसी सरकार के दूसरे मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को यहां से हटाने और उस जमीन को अन्य प्रयोजन के लिए देने का निर्णय लेकर डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि डोईवाला कांग्रेस इसका विरोध करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी क्षेत्र के विधायक और सांसद की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही सरकार का पुतला दहन करेगी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता मनोज नौटियाल, राजवीर खत्री, बीडीसी नितिन पंवार, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, बालेंद्र सजवाण, उमेद बोरा, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।












