डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों और स्थानीय ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय में डोईवाला एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि एनएचएआई द्वारा जीवनवाला और माजरी ग्रांट में अंडरपास बनाने का प्रस्ताव है परंतु माजरी ग्रांट का द्वितीय चौक (खैरा ढाबे के पास) इसमें शामिल नहीं है। ग्रामीणों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस चौक के पास ग्राम पंचायत भवन, राजकीय इंटर कॉलेज, आरटीओ फिटनेस सेंटर, गन्ना केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और पोस्ट ऑफिस जैसी कई महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं, जिन तक पहुंचने में जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, किसानों ने चाँदमारी रेलवे क्रॉसिंग के पास टूटी पुलिया के पुनर्निर्माण की भी मांग की। बताया गया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण रेलवे फाटक खुलने के बाद आवाजाही में परेशानी होती है और कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने आग्रह किया कि संबंधित विभाग के माध्यम से पुलिया का शीघ्र निर्माण कराया जाए। ज्ञापन देने वाले में संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह, किसान सभा जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह, मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह, सचिव याकूब अली, जाहिद अंजुम, अनूप पाल, राहुल सैनी, शुभम कंबोज आदि शामिल रहे।












