डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सुसवा नदी बचाओ, मां गंगा को स्वच्छ बनाओ अभियान के तहत मंगलवार को मां श्रीमती कौशल्या बोरा फाउंडेशन सामाजिक संस्था के साथ डीबीएस महाविद्यालय देहरादून के छात्र-छात्राओं ने डोईवाला ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिमलास ग्रांट में रैली निकालकर लोगों से सुसवा नदी बचाओ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। संस्था की अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में महाकुंभ मेले का आयोजन होने जा रहा है। ऐसे में सुसवा नदी का सीवरेज का पानी सीधे गंगा नदी में प्रवाहित किया जा रहा है, जो हिंदू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि महाकुंभ से पहले सुसवा नदी के सीवरेज के पानी को गंगा में जाने से रोका जाए, अन्यथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शिक्षाविद् जितेंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र में सुसवा नदी का पानी दूषित होने से कैंसर जैसी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। पूर्व प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता उमेद बोरा ने कहा कि क्षेत्र में पहले बड़े स्तर पर जैविक खेती की जाती थी लेकिन सुसवा नदी में मिल रहे जहरीले सीवरेज के पानी से जैविक खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देहरादून का सीवरेज पानी सुसवा नदी में प्रवाहित किया जा रहा है, जिससे राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगलों में रहने वाले जंगली जानवर भी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। इस दौरान किशन सिंह, तूली देवी, विजय पाल सिंह, राधा देवी, गौरव कुमार, संगीता, अंकित, शिवानी, कशिश, महक आदि मौजूद रहे।












