डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। बीते मंगलवार को लच्छीवाला टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारी के साथ हुई अभद्रता एवं सहायक टोल प्रबंधक मनीष नेगी के साथ मारपीट की घटना के विरोध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान भाजपा युवा मोर्चा हरिद्वार से जुड़े 10–12 लोगों ने टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ कर कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने यह भी कहा कि टोल प्लाजा के मालिक एवं शीर्ष अधिकारियों द्वारा बीच-बचाव नहीं किया गया, जो संदिग्ध प्रतीत होता है।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा का घेराव कर नारेबाजी की और सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने बताया कि कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, सुनील वर्मन, पूर्व प्रधान ताजेंद्र सिंह, अंशुल त्यागी, मंजू राजपूत, बालेंद्र सजवान, फुरकान अहमद, रेखा कांडपाल सती, शार्दूल नेगी, करण रावत, आदि मौजूद रहे।












