डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक और कूड़ा निस्तारण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अभियान चलाया गया। नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर प्रयास जागरूकता मंच के सहयोग से नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। गुरुवार को डोईवाला चौक, केशवपुरी कांटा और ऋषिकेश रोड स्थित विक्रम स्टैंड के पास नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। अधिशासी अधिकारी के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत यह कार्यक्रम संचालित किया गया। जिसका उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देना है। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि नाटक के जरिए लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, स्रोत स्तर पर कूड़े को चार श्रेणियों में अलग करने और कूड़ा वाहनों को ही देने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने में समाज की अहम भूमिका और जिम्मेदारी है। इस दौरान सिद्धार्थ सिंह सजवाण, नीरज, अर्चित, तानिया और विकास आदि मौजूद रहे।












