डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुक्रवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में सेनानायक अर्पण यदुवंशी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मासिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें राज्यभर की सभी एसडीआरएफ पोस्टों से अधिकारी एवं कार्मिक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। सम्मेलन के दौरान सेनानायक ने विभिन्न पोस्टों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान आगामी चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए तैयारियों की विशेष समीक्षा की गई। यात्रा मार्गों पर संभावित जोखिम, आपदा प्रबंधन रणनीति, त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता, टीमों की तैनाती एवं जनशक्ति को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने निर्देश दिए कि सभी टीमें पूर्ण सतर्कता, समन्वय एवं तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हुए शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। सम्मेलन में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, शान्तनु पाराशर, सहायक सेनानायक सुशील रावत, सूबेदार मेजर जयपाल राणा, सब इंस्पेक्टर योगेंद्र भंडारी आदि उपस्थित रहे।












