डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लच्छीवाला वन रेंज एवं गोयल एजुकेशनल ट्रस्ट, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में लच्छीवाला नेचर पार्क में बच्चों के लिए फील्ड एंड फन डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति के बीच सीखने का अवसर प्रदान करना और उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना था। रविवार को समर फेस्ट कार्निवल के तहत भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और संवेदनशीलता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रमाण-पत्र वितरण समारोह भी आयोजित किया गया। वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि इस आयोजन के दौरान बच्चों ने प्रकृति के सान्निध्य में विभिन्न शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों के मन में प्रकृति के प्रति जुड़ाव और जिम्मेदारी की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है। इस मौके पर फाउंडेशन के संस्थापक सचिन गोयल, कपिल लाल, अंकित सिंह, सीमा मिश्रा, रश्मि सैनी और इलतमश आदि मौजूद रहे।
‘लच्छीवाला नेचर पार्क में मिलेगा रोमांच का नया अनुभव’ लच्छीवाला नेचर पार्क में पर्यटकों को रोमांचक अनुभव देने के लिए एडवेंचर ज़ोन विकसित करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही यहां विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक प्राकृतिक वातावरण में सुकून और मनोरंजन का अनुभव लेने पहुंचते हैं। लच्छीवाला नेचर पार्क में जल क्रीड़ा, बोटिंग, इको-क्राफ्ट्स और नेचर ट्रेल के अलावा विशेष रूप से एडवेंचर ज़ोन आकर्षण का केंद्र होगा। एडवेंचर ज़ोन में रॉक क्लाइंबिंग, लैडर ब्रिज, कमांडो नेट, मंकी क्रॉलिंग, टायर ब्रिज, बर्मा ब्रिज, कमांडो नेट ब्रिज सहित कई रोमांचक गतिविधियां शामिल की जा रही हैं। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि एडवेंचर ज़ोन का निर्माण मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके लिए शासन से बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही कार्य पूर्ण कर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पर्यटक प्राकृतिक वातावरण के बीच एडवेंचर का भरपूर आनंद ले सकेंगे।












