डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। समर फेस्ट कार्निवल के अंतर्गत लच्छीवाला नेचर पार्क में एक निजी विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक सुंदर एवं अनूठा कार्यक्रम प्रस्तुत किया। रविवार को स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जिसने मौजूदा आगंतुकों एवं पर्यटकों को गहराई से प्रभावित किया। इसके अलावा, विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति भी दी। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत यह छोटा लेकिन प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक पर्यावरण संरक्षण के संदेश को बेहद सशक्त ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि समर फेस्ट कार्निवल का मुख्य उद्देश्य प्रकृति, पर्यावरण और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ना है।












