हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। विकास खंड देवाल के न्याय पंचायत लिंगड़ी के अंतर्गत खेता मानमती में आगामी 7 फरवरी को सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पौड़ी गढ़वाल ई. ओम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजन किया जाएगा। लोनिवि के मुख्य अभियंता गढ़वाल ई. ओम प्रकाश के द्वारा चमोली जिला प्रशासन एवं थराली तहसील प्रशासन को जारी पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में सुमार सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का 31 जनवरी को लिंगड़ी के बोरागाड़ में आयोजित होना था किंतु अपरिहार्य कारणों से उसे निरस्त करना पड़ा। 5 फरवरी को बोरागाड़ में उपजिलाधिकारी थराली की अध्यक्षता में जन,जन की सरकार जन,जन के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका हैं, जिसे दृष्टिगत रखते हुए 7 फरवरी को खेता मानमती ग्राम पंचायत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेता में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से कार्यक्रम का जनहित में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार करने की अपील करते हुए आम जनता से अपनी समस्याएं एवं शिकायतें को लेकर शिविर में प्रतिभाग करने की अपील की हैं।












