कमल बिष्ट/उत्तराखंड समाचार।
पौड़ी गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी की छात्रा रीया का चयन राज्य स्तरीय INSPIRE अवार्ड प्रतियोगिता के लिए हुआ है। जिला मुख्यालय पौड़ी में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय INSPIRE अवार्ड प्रतियोगिता में जनपद से चयनित 16 बाल वैज्ञानिकों में रीया भी शामिल रहीं। प्रतियोगिता में रीया ने अपना नवाचार आधारित विज्ञान प्रोजेक्ट विज्ञान शिक्षिका कविता बिष्ट रावत के मार्गदर्शन में प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर उनका चयन राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। अब रीया राज्य स्तर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकगण ने इस उपलब्धि को विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी बताते हुए छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












