डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। वनों को आग से सुरक्षित रखने एवं आमजन में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत लच्छीवाला नेचर पार्क में विद्यालयी विद्यार्थियों के साथ एक महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने वन बचाओ–जीवन बचाओ, जंगल में आग न लगाएं, हरियाली है जीवन की खुशहाली जैसे नारों और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान एवं उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। जागरूकता रैली लच्छीवाला क्षेत्र के मुख्य मार्गों से होकर निकली, जहां ग्रामीणों एवं पर्यटकों को वन आग की रोकथाम, आवश्यक सावधानियाँ और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी वनाग्नि का कारण बन सकती है, इसलिए वनों की सुरक्षा के लिए सभी नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया। वन विभाग ने आमजन से अपील की कि जंगल में आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत नजदीकी वन कार्यालय को दें और सूखी घास, सिगरेट अथवा माचिस की तीली खुले में न फेंकें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना एवं समाज को वन सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा। इस अवसर पर पूरण सिंह, सोमनाथ सिंह, छत्रसाल बिष्ट, सागर सैनी, अंकित सिंह, राजेश, देवेंद्र सहित आदि मौजूद रहे।












