डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के विशेष शिविर का शुभारंभ डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी आत्मसात करने चाहिए, समाज को ऐसे ही जागरूक युवाओं की आवश्यकता है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण जोशी ने बताया कि शिविर का मुख्य स्थल महाविद्यालय परिसर में रहेगा, जबकि चयनित कार्यस्थल राजीवनगर व आर्यनगर निर्धारित किया गया है। शिविर के दौरान स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, पर्यावरणीय जागरूकता, डिजिटल सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिसमें लगभग 50 से 60 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। प्रभारी प्राचार्य प्रो नवीन नैथानी ने शिविर की मूल भावना को विद्यार्थियों के समक्ष रखा। डॉ. शिव लाल ने शिविर जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. राखी पंचोला ने एनएसएस लक्ष्य गीत की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। वही, योगाचार्य अमित नेगी ने शिविर में योग के महत्व की जानकारी दी।












