डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका परिषद डोईवाला के वर्तमान पालिका बोर्ड के एक वर्ष पूर्ण होने तथा वर्ष 2025 में नपा डोईवाला को अटल निर्मल नगर पुरस्कार प्राप्त होने के उपलक्ष्य में सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। शनिवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पालिका के पर्यावरण मित्रों एवं पर्यावरण पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला तथा नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लाभार्थियों को चेक वितरित किए और आवासों की चाबियां सौंपीं। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में नगर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। उनका उद्देश्य डोईवाला को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि पालिका के सभासदों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के सहयोग से नगर को मॉडल पालिका बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बीते एक वर्ष में लगभग 17 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री करन बोरा, अरुण सूद, अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, पूर्व प्रधान राजकुमार राज, नीलम नेगी सहित सभासद अमित कुमार, सुरेश सैनी, गौरव मल्होत्रा, संदीप नेगी, ईश्वर रौथान, सुनीता सैनी, सुंदर लोधी, राकेश डोभाल, विनीत मनवाल, प्रदीप नेगी, जमना देवी, पूनम तोमर, आशा सेमवाल आदि उपस्थित रहे।












