डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसानों ने डोईवाला तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने बताया कि देशभर के किसान संगठन धरना–प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से अमेरिका–भारत व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता किसान विरोधी है। इस समझौते से सस्ती अमेरिकी फसलें और डेयरी उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे एमएसपी पर निर्भर छोटे व सीमांत किसान प्रभावित होंगे। किसानों ने आशंका जताई कि इससे डेयरी क्षेत्र, सार्वजनिक खरीद प्रणाली और खाद्य आत्मनिर्भरता पर भी खतरा पैदा होगा। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि यह समझौता किसान की आय, ग्रामीण रोजगार, खाद्य सुरक्षा और राष्ट्रीय आर्थिक स्वायत्तता से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। ज्ञापन देने वालों में किसान हरभजन सिंह, विजय बक्शी, अमित सैनी, तेजपाल सिंह और प्रिंस सहित अन्य किसान शामिल रहे।












