डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मियांवाला चौक से चोरी हुई मोटरसाइकिल का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हर्रावाला चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह कपरवान के अनुसार, 19 फरवरी को भगवती प्रसाद निवासी गुजरोवाली, थाना रायपुर ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी मोटरसाइकिल मियांवाला चौक से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 20 फरवरी की रात हर्रावाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान अर्जुन थापा निवासी शिवलोक कॉलोनी, रायपुर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत के चलते चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। वह चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।












