डोईवाला। डोईवाला विधानसभा अंतर्गत रानीपोखरी क्षेत्र में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के लिए एक्स-सर्विसमैन हेल्थ स्कीम चिकित्सा सुविधा की स्थापना की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। उत्तराखंड पूर्व सैनिक एवं अर्ध सैनिक संगठन की ओर से इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। शुक्रवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर संगठन का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रानीपोखरी, डोईवाला में ईसीएचएस मेडिकल सुविधा को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कमांडर (सेवानिवृत्त) एस एस मथारू ने बताया कि डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में 6000 से अधिक पूर्व सैनिक निवास करते हैं, जिनमें से बड़ी संख्या 75 से 80 वर्ष की आयु पार कर चुकी है। वर्तमान में निकटतम ईसीएचएस चिकित्सा सुविधा देहरादून या रायवाला में स्थित है, जो 30 किलोमीटर से अधिक दूर है। वृद्ध, अस्वस्थ पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और विधवाओं के लिए इतनी दूरी तय करना अत्यंत कठिन है। उन्होंने बताया कि रानीपोखरी में ईसीएचएस केंद्र की स्थापना के लिए पंचायत द्वारा दो बीघा भूमि पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक अंतिम स्वीकृति न मिलने से पूर्व सैनिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में रक्षा मंत्रालय से आग्रह किया गया है कि जनहित को देखते हुए रानीपोखरी में ईसीएचएस मेडिकल सुविधा की शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे हजारों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिल सके।












