डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एम्स ऋषिकेश के एमएससी नर्सिंग विभाग के 20 छात्र-छात्राओं ने डॉ स्मृति अरोड़ा के मार्गदर्शन में एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। जिसका उद्देश्य छात्रों को आपदा प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। छात्र-छात्राओं को एसडीआरएफ वाहिनी परिसर का भ्रमण भी कराया गया। जिसमें उन्हें स्टोर, आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों, संचार प्रणाली एवं आपदा प्रतिक्रिया संसाधनों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही वाटर रेस्क्यू, हाई एल्टिट्यूड रेस्क्यू एवं अन्य विशेष आपदा प्रतिक्रिया उपकरणों का प्रदर्शन कर उनकी उपयोगिता एवं संचालन प्रक्रिया समझाई गई। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली, आपदा प्रतिक्रिया तंत्र तथा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में किए जाने वाले समन्वित बचाव कार्यों के संबंध में अवगत कराया गया। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने एसडीआरएफ की कार्यशैली, आपदा प्रबंधन में तकनीकी दक्षता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की प्रणाली को गहन रुचि के साथ समझा। इस दौरान आपदा प्रबंधन, मेडिकल इमरजेंसी रिस्पॉन्स एवं जनसुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर संवाद एवं ज्ञान साझा किया गया।











