
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसडीआरएफ उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ मुख्यालय जॉलीग्रांट सहित प्रदेशभर में स्थित विभिन्न पोस्टों एवं इकाइयों में अधिकारियों, जवानों एवं रिक्रूट आरक्षियों द्वारा उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया गया तथा प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया। जौलीग्रांट स्थित वाहिनी मुख्यालय में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समस्त एसडीआरएफ कार्मिकों एवं रिक्रूट आरक्षियों द्वारा लगभग 400 फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए गए। लगाए गए पौधों में पर्यावरण हितैषी एवं उपयोगी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई, जिससे भविष्य में हरित एवं स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिल सके। उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है तथा प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ उत्तराखण्ड केवल आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। कार्यक्रम के दौरान सहायक सेनानायक सुशील रावत, शिविर पाल, प्रमोद रावत, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही, एसडीआरएफ कार्मिकों द्वारा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षों के महत्व, स्वच्छ पर्यावरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्मिकों ने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रदेशभर में स्थित एसडीआरएफ की विभिन्न इकाइयों एवं पोस्टों पर भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसडीआरएफ उत्तराखण्ड द्वारा चलाया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्था की संवेदनशीलता, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं हरित उत्तराखण्ड के निर्माण हेतु उसके सतत प्रयासों को दर्शाता है।











