हरेंद्र बिष्ट,
थराली।
विकासखंड नारायणबगड़ के अंतर्गत कोठली गांव निवासी रामलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार फिर गरमाने लगा हैं। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के साथ रामलाल के परिजनों ने थराली में रैली निकालकर तहसील कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच किए जाने, संदिग्धों का नार्को टेस्ट किए जाने की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोठली गांव निवासी रामलाल के परिजनों के अनुसार, नौ फरवरी को रामलाल गांव के पास खेतों में गंभीर रूप से घायल मिला था, उसके सर चोटों के गंभीर निशान मिले थें। घायल को उपचार के लिए लेजाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए गांव में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
रामलाल की मृत्यु के मामले में ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर यूकेडी और परिजनों ने यहां देवाल तिराहे से तहसील परिसर राणीबगड़ तक एक रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारी रामलाल की मौत का जल्द खुलासा करने,दोषियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहें थे। रैली एसबीआई मार्केट, मस्जिद मार्केट, मुख्य बाजार,केदारबगड़ होते हुए तहसील कार्यालय में पहुंची जहां पर जोरदार प्रदर्शन करने के साथ ही आंदोलनकारी धरने पर बैठ गए।इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संदिग्धों का नार्को टेस्ट किया जाना बेहद जरूरी हैं तभी मामले पर से पर्दा उठ सकता हैं। इस मौके पर थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने आंदोलनकारियों और परिजनों को बताया कि नार्को टेस्ट को लेकर न्यायालय में प्रक्रिया की गई न्यायालय के आदेश पर दस्तावेज नार्को टेस्ट विभाग को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही संदिग्ध व्यक्तियों के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। थानाध्यक्ष के इस आश्वासन के बाद आंदोलन को 40 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया हैं।आंदोलनकारियों ने 40 दिनों के भीतर मामले का खुलासा नही किए जाने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर धरना, प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
इस मौके पर मृतक रामलाल के परिजनों ने थानाध्यक्ष थराली को एक पत्र सौंप कर मामले में संदिग्धों से उनके परिवारजनों को खतरें की आशंका जताई हैं। परिजनों ने सुरक्षा की गुहार लगाई हैं।
रैली, प्रदर्शन एवं धरने का यूकेडी जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनीषा, केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य भूपाल गुसाईं, जिला मंत्री पृथ्वी सिंह, जिला महामंत्री प्रकाश राम, मोहन राम आर्य, विक्रम मेहर, लक्ष्मण प्रसाद सती, जिला प्रवक्ता करन कठैत, पूजा शर्मा, सोनी बोरा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष दर्शन सिंह शाह आदि ने नेतृत्व किया।











